'न जननेता बनने दिया, न नेता’, निशांत कुमार को आखिर किसने रोका? आनंद मोहन का बड़ा बयान
बिहार की राजनीति में निशांत कुमार की भूमिका को लेकर पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक बार फिर जदयू के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी चलाने वाले नेताओं ने निशांत कुमार को न जननेता बनने दिया और न ही नेता बनने दिया. उन्हें सीधे स्वास्थ्य मंत्री बना दिया गया.
आनंद मोहन ने कहा कि वह पहले से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग करते रहे हैं, लेकिन पार्टी के भीतर क्या चल रहा है, यह वही नेता जानें जो पार्टी चला रहे हैं
आनंद मोहन ने कहा कि जदयू के कुछ नेता पहले यह कहते रहे कि निशांत कुमार नेता और मंत्री बनने के लिए तैयार नहीं हैं. लेकिन अचानक उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बना दिया गया. उन्होंने कहा, “पार्टी चलाने वाले कुछ नेता कह रहे थे कि निशांत कुमार नेता और मंत्री बनने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं, लेकिन एकाएक वह स्वास्थ्य मंत्री बन गए. यह भी बड़ा अजीब लगता है.” उन्होंने आगे कहा कि निशांत कुमार को पार्टी चलाने वाले लोगों ने न जननेता बनने दिया और न ही नेता बनने दिया. उन्हें केवल स्वास्थ्य मंत्री बनाकर बैठा दिया गया.
जेडीयू नेताओं का कहना है कि आनंद मोहन के बयान से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता है. लेकिन, आनंद मोहन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब निशांत कुमार की राजनीतिक भूमिका और जदयू में उनकी जिम्मेदारी को लेकर चर्चा जारी है. उनके बयान से एक बार फिर पार्टी के नेतृत्व और फैसलों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं.