गांधी मैदान में सत्ता का नया अध्याय: नीतीश दसवीं बार CM, चुनावी हार के बाद तेजस्वी का पहला ट्वीट- CM नीतीश को दी शुभकामनाएँ”
Bihar politics: पटना का गांधी मैदान आज एक बार फिर बिहार की राजनीति का केंद्र बना, जहां नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। उनके साथ कुल 26 मंत्रियों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह भव्य था और सियासत के दिग्गजों की मौजूदगी ने इसकी चमक और बढ़ा दी।
सबसे खास दृश्य रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी, जो पहली बार नीतीश कुमार के किसी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस ऐतिहासिक क्षण ने राजनीतिक हलकों में कई संकेत छोड़ दिए।
तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति फिर चर्चा में
शपथ समारोह की हर तस्वीर में एक चेहरा इस बार भी गायब रहा- तेजस्वी यादव। नीतीश कुमार जब-जब एनडीए के साथ सरकार बनाते हैं, तेजस्वी उतनी ही लगातार शपथ समारोह से दूरी बनाए रखते हैं। इस बार भी वही हुआ।
हालांकि, समारोह में शामिल न होने के बावजूद तेजस्वी यादव ने पहली बार चुनाव हार के बाद सोशल मीडिया पर ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने लिखा: “आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद में शामिल सभी मंत्रियों को शुभकामनाएँ। आशा है नई सरकार अपने वादों पर खरा उतरे और बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।”
हार के बाद तेजस्वी का पहला बयान
चुनाव में राजद को मिली करारी हार सिर्फ 25 सीटें के बाद तेजस्वी यादव ने 13 नवंबर के बाद कोई पोस्ट नहीं किया था। न सरकार पर हमला, न हार की जिम्मेदारी पर कोई बयान। लंबी चुप्पी के बाद आज का ट्वीट राजनीतिक हलचलों को एक नई दिशा देता दिखा।
गांधी मैदान की शपथ और विपक्ष की खामोशी—बिहार में आज की तारीख ने आने वाले राजनीतिक मौसम के संकेत साफ कर दिए हैं।