‘NI’ से नया सियासी संकेत! बिहार में CM चेहरे पर सस्पेंस के बीच निशांत कुमार के पोस्टर ने बढ़ाई हलचल

 
Bihar political news: बिहार की राजनीति इन दिनों जबरदस्त उथल-पुथल से गुजर रही है। 15 अप्रैल को संभावित नई सरकार के गठन से पहले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस और गहरा गया है। इसी बीच नीतीश कुमार की विरासत को लेकर नई बहस छिड़ गई है, जिसने सियासी पारा और चढ़ा दिया है।

पोस्टर ने बदला राजनीतिक नैरेटिव

जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार द्वारा लगाए गए एक पोस्टर ने पूरे राजनीतिक माहौल को नई दिशा दे दी है। इस पोस्टर में निशांत कुमार को प्रमुखता से दिखाते हुए लिखा गया- “मजबूत विरासत, भविष्य दमदार, निशांत कुमार हैं तैयार”

यह नारा सीधे तौर पर सत्ता के संभावित हस्तांतरण और नई पीढ़ी के नेतृत्व की ओर इशारा कर रहा है।

‘NI’ डिजाइन बना चर्चा का केंद्र

पोस्टर में नीतीश और निशांत के नाम के शुरुआती अक्षर ‘NI’ को जोड़कर खास डिजाइन तैयार किया गया है, जिसे “NITISH-NISHANT” ब्रांडिंग के तौर पर देखा जा रहा है। इसे लेकर जदयू खेमे में उत्साह है, जबकि विपक्ष इसे परिवारवाद का संकेत बता रहा है।

क्या बोले प्रवक्ता?

नीरज कुमार ने इसे “कार्यकर्ताओं की भावना” बताते हुए कहा कि यह भविष्य की राजनीति का संकेत है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। लेकिन “जय निशांत, तय निशांत” का नारा अब कार्यकर्ताओं के बीच तेजी से गूंज रहा है।

NDA में CM चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

इधर, NDA के भीतर मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अभी भी मंथन जारी है। माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व जल्द ही अंतिम फैसला ले सकता है। ऐसे में इस तरह के पोस्टर को सियासी रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।

क्या बदलने वाला है समीकरण?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पोस्टर सिर्फ प्रचार नहीं, बल्कि जदयू के अंदर बड़े बदलाव का संकेत हो सकता है। अब सबकी नजर 15 अप्रैल पर टिकी है- क्या निशांत कुमार सियासत में एंट्री कर नई भूमिका निभाएंगे या यह सिर्फ सियासी संदेश भर है?