अब आने वाले 30 सालों तक निशांत कुमार करेंगे JDU का नेतृत्व, संजय झा ने की बड़ी घोषणा

बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भविष्य और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है
 

बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भविष्य और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है. पटना के जेडीयू दफ्तर में सुशासन दिवस कार्यक्रम के अवसर पर संजय झा ने कहा कि निशांत कुमार का पार्टी में आगे बढ़ना जेडीयू के लिए बेहद अहम है और आने वाले 30 सालों तक वे पार्टी का नेतृत्व करेंगे. संजय झा ने निशांत कुमार की सादगी, विनम्रता और काम करने के तरीके की भी तारीफ की.

संजय झा ने निशांत कुमार को ‘शुद्ध मन से काम करने वाला योगी’ बताया. संजय झा ने कहा कि निशांत कुमार को राजनीति की हर गतिविधि की जानकारी रहती है. क्या हो रहा है, कहां क्या चल रहा है और पार्टी से जुड़ी कौन-सी बात है, इन सभी चीजों पर उनकी नजर रहती है. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार की याददाश्त का कोई जोड़ नहीं है और उन्हें हर छोटी-बड़ी बात याद रहती है.

संजय झा ने कहा कि निशांत कुमार अब जेडीयू के साथ आ गए हैं और यह पार्टी के लिए अहम बात है. उनके आने से पार्टी को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. संजय झा ने निशांत की सादगी, विनम्रता और काम करने के तरीके का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार शुद्ध मन से काम करते हैं और पार्टी के लिए उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी.

संजय झा ने नीतीश कुमार के राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित करने, सड़क, बिजली और महिलाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके योगदान को लोग याद रखेंगे. उन्होंने कहा कि एक समय बिहार में अपहरण उद्योग की चर्चा होती थी और अपराध का संगठित स्वरूप था, लेकिन नीतीश कुमार के शासन में इस स्थिति में बदलाव आया. स्पीडी ट्रायल के जरिए अपराधियों को सजा दिलाने की पहल भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में रही.

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सिर्फ सरकार नहीं चलाई, बल्कि राज्य की पहचान को नई दिशा दी. बिहार गान, बिहार दिवस और बिहारी अस्मिता को लेकर भी उन्होंने नीतीश कुमार के योगदान का उल्लेख किया।

संजय झा ने कहा कि साइकिल योजना के जरिए लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा मिला और जीविका के माध्यम से महिलाओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया. बिजली और सड़क के क्षेत्र में हुए बदलावों को भी उन्होंने नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया.