निशांत बनें बिहार के अगले CM!” अनंत सिंह का बड़ा बयान, सम्राट चौधरी का भी नाम उछला
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने साफ कहा कि अगर जदयू से अगला मुख्यमंत्री बनता है तो निशांत कुमार सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि निशांत पढ़े-लिखे और योग्य हैं और उनमें राज्य का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है।
अनंत सिंह ने यह भी कहा कि मौजूदा बिहार की नींव नीतीश कुमार ने रखी है। उनके नेतृत्व में राज्य में विकास हुआ है और आज हर वर्ग के लोग उन्हें पसंद करते हैं। उन्होंने दावा किया कि नीतीश के पद छोड़ने की खबर से सत्ता पक्ष ही नहीं, विपक्ष में भी भावुक माहौल है।
हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री चुना जाता है, तो सम्राट चौधरी इस भूमिका के लिए सही विकल्प हो सकते हैं।
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी का राज्य में कोई ठोस आधार नहीं बचा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में राजद की स्थिति ऐसी रही कि एक सीट कम आने पर विपक्ष का दर्जा भी मुश्किल हो जाता।
गौरतलब है कि हाल ही में अनंत सिंह ने नीतीश कुमार से मुलाकात भी की थी। इस मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के फैसले को बिहार के हित में बता रहे हैं और भविष्य में उद्योग-धंधों के विस्तार से रोजगार बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
फिलहाल, बिहार की राजनीति में ‘अगला मुख्यमंत्री कौन?’ यह सवाल सबसे बड़ा बना हुआ है। अनंत सिंह के बयान के बाद यह बहस और तेज हो गई है कि क्या सत्ता की कमान परिवार में जाएगी या भाजपा अपना चेहरा आगे करेगी।