राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार विधानसभा पहुंचे नितिन नवीन, एनडीए नेताओं ने किया भव्य स्वागत
इस मौके पर एलजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, आरएलएम विधानमंडल दल के नेता माधव आनंद, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत एनडीए के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। नितिन नवीन के पहुंचते ही विधानसभा परिसर में स्वागत का माहौल दिखा।
सदन में भी मिली बधाई
विधानसभा के अंदर भी अलग-अलग दलों के नेताओं ने नितिन नवीन को नई भूमिका के लिए बधाई दी। जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने सबसे पहले संबोधन करते हुए उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने सोच-समझकर यह फैसला लिया है और नितिन नवीन इस जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह योग्य हैं।
“जितने सरल, उतने ही कुशल”
विजय चौधरी ने कहा कि नितिन नवीन स्वभाव से सरल हैं, लेकिन काम के मामले में बेहद दक्ष और सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि जिन नामों पर विचार हुआ होगा, उनमें नितिन नवीन सबसे आगे रहे होंगे, तभी उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारी
उन्होंने यह भी कहा कि कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। मंत्री और जनप्रतिनिधि के रूप में नितिन नवीन ने पहले भी अपनी क्षमता साबित की है। विजय चौधरी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी और आगे बढ़ेगी और भविष्य में बिहार के नेताओं पर भरोसा और मजबूत होगा।