नितिन नवीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, 45 की उम्र में संभालेंगे पार्टी की कमान
भाजपा के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी के. लक्ष्मण ने बताया कि नितिन नवीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के बाद सभी नामांकन पत्र सही पाए गए। नामांकन वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद वे अकेले उम्मीदवार बचे, जिससे उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।
45 साल की उम्र में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
नितिन नवीन 45 वर्ष की उम्र में भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। यह भी एक संयोग है कि भाजपा की स्थापना के 46वें वर्ष में पार्टी की कमान एक युवा नेता के हाथ में जा रही है। इससे पहले 14 दिसंबर को उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी पर नजर
नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के साथ ही नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, नई टीम में युवाओं को ज्यादा तरजीह दी जा सकती है। करीब 70 फीसदी पद 55–60 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को और लगभग 30 फीसदी पद वरिष्ठ नेताओं को दिए जाने की संभावना है।
सूत्र यह भी बता रहे हैं कि विनोद तावड़े और सुनील बंसल को नई कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है, जबकि कुछ मौजूदा महामंत्रियों में बदलाव संभव है। पार्टी की शीर्ष निर्णयकारी इकाई संसदीय बोर्ड में भी नए चेहरों को शामिल किए जाने की अटकलें हैं।
26 की उम्र में विधायक, 45 में पार्टी अध्यक्ष
नितिन नवीन 26 साल की उम्र में पहली बार विधायक बने थे। वे पटना की बांकीपुर सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2006 में अपने पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद उन्होंने उपचुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। अब 45 वर्ष की उम्र में वे भाजपा की कमान संभालने जा रहे हैं। उनके अध्यक्ष बनने को पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
पैतृक गांव में जश्न का माहौल
नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने की खबर से उनके पैतृक गांव अमावां (रजौली प्रखंड, नवादा) में उत्सव का माहौल है। सुबह 11 बजे औपचारिक घोषणा के बाद गांव में भव्य जश्न की तैयारी की गई है। विधायक अनिल सिंह की देखरेख में आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बताया गया है कि 251 किलो लड्डू बनवाए गए हैं, गुलाल की होली खेली जाएगी और पूरे गांव में जश्न मनाया जाएगा। स्थानीय लोग इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण मान रहे हैं।
नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही भाजपा संगठन में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है, जहां युवाओं को आगे लाने और संगठन को नई ऊर्जा देने की उम्मीद जताई जा रही है।