दिल्ली की सत्ता के गलियारों में नितिन नवीन की एंट्री, 9 सुनहरी बाग रोड का आलीशान बंगला मिला
Bihar News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नवीन का राजनीतिक कद और बढ़ गया है। इसी क्रम में उन्हें दिल्ली में सत्ता के केंद्र के बेहद करीब 9 सुनहरी बाग रोड स्थित टाइप-8 श्रेणी का सरकारी आवास आवंटित किया गया है। यह बंगला केंद्र सरकार के सबसे विशेष और प्रतिष्ठित आवासों में शुमार है, जो करीब तीन एकड़ में फैला हुआ है।
इस भव्य आवास में पांच बेडरूम, स्टडी रूम, विशाल ड्राइंग-डाइनिंग हॉल, आधुनिक सुविधाओं से लैस रसोई और अलग सर्वेंट क्वार्टर की व्यवस्था है। दिल्ली के लुटियंस ज़ोन में स्थित यह बंगला सत्ता के शीर्ष गलियारों की पहचान माना जाता है।
राजनीतिक नजरिए से भी यह आवंटन खास माना जा रहा है। नितिन नवीन के इस नए आवास के ठीक बगल में 5 सुनहरी बाग रोड पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का निवास है, जबकि कुछ ही दूरी पर 6 कृष्ण मेनन मार्ग पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सरकारी आवास मौजूद है। सत्ता और विपक्ष के प्रमुख चेहरों की यह भौगोलिक नजदीकी सियासी चर्चाओं का विषय बन गई है।
नितिन नवीन बिहार भाजपा के उन नेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनकी संगठनात्मक समझ और रणनीतिक क्षमता राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को मजबूती दे सकती है। इसी भरोसे के साथ उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, नितिन नवीन का कायस्थ समुदाय से होना भी भाजपा की व्यापक सामाजिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। खासकर पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के राज्यों में, जहां कायस्थ समाज का प्रभाव माना जाता है, वहां पार्टी उनकी भूमिका के जरिए अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।
दिल्ली में मिला यह आवास और राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी नितिन नवीन के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव की ओर इशारा करता है। चर्चा यह भी तेज है कि आने वाले समय में उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है। फिलहाल वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं, लेकिन नई जिम्मेदारियों के चलते उनका अधिक समय अब दिल्ली में ही बीतने की संभावना है।