Nitin Navin: नितिन नवीन के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, पटना की सड़कों पर लगा लंबा जाम, मंत्री पैदल पहुंचे एयरपोर्ट

 

Bihar politics: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन मंगलवार को पहली बार पटना पहुंचे। उनके आगमन को लेकर राजधानी में ऐसा उत्साह देखने को मिला कि शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हजारों की संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं के कारण पटना के कई प्रमुख मार्ग जाम हो गए। खास तौर पर पटना एयरपोर्ट के आसपास की सड़कों पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें आम लोगों से लेकर खास लोग तक फंसे नजर आए।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि नितिन नवीन का स्वागत करने जा रहे उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय, ऋतुराज सिन्हा और संजीव चौरसिया को बीच रास्ते में ही अपनी गाड़ियां छोड़नी पड़ीं। भारी जाम के चलते सभी नेता पैदल ही एयरपोर्ट की ओर बढ़े, जिससे शहर में जाम की तस्वीरें और भी चर्चा का विषय बन गईं।

पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन को मखाना की माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। 45 वर्ष की उम्र में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने वाले नितिन नवीन के स्वागत को पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।

एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान और भाजपा प्रदेश कार्यालय तक निकलने वाला विशाल रोड शो संगठन की एकजुटता और जोश का प्रतीक माना जा रहा है। सड़क के दोनों ओर भगवा झंडे, ढोल-नगाड़े और नारों के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यह रोड शो सिर्फ स्वागत यात्रा नहीं, बल्कि बिहार भाजपा में नितिन नवीन की अहम भूमिका और बढ़ते कद का संदेश भी देता नजर आया।

मिलर हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित भव्य स्वागत समारोह को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। मैदान में बनाए गए विशाल मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तस्वीरें लगाई गई हैं। कार्यक्रम में पहले नितिन नवीन का औपचारिक अभिनंदन होगा, इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संबोधन होंगे और अंत में नितिन नवीन खुद कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मिलर हाई स्कूल मैदान में प्रवेश के लिए कड़ी जांच व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर नितिन नवीन का यह दौरा पटना की सियासत और सड़कों—दोनों पर खास असर छोड़ता नजर आ रहा है।