नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को दिया जीत का आशीर्वाद, अनंत सिंह को लगा बड़ा झटका!
बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच पटना स्नातक सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी सामने आ गए हैं। नीतीश कुमार मतदान से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को नीरज कुमार के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने नीरज कुमार को चुनाव में विजयी होने का आशीर्वाद भी दिया। इसे मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
दरअसल, पटना के राजवंशी नगर स्थित नीरज कुमार के आवास पर पहुंचकर नीतीश कुमार ने सबसे पहले उनकी तबीयत का हालचाल जाना। उन्होंने नीरज कुमार के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और उनका हाल पूछा। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने नीरज को डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी चुनावी रणनीति पर काम करने का सुझाव दिया। इसके बाद उन्होंने उनकी जीत की कामना की।
नीतीश कुमार की इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। खासकर इसलिए, क्योंकि जेडीयू विधायक अनंत सिंह लगातार पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। अनंत सिंह जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर प्रचार कर चुके हैं। वह लगातार यह दलील देते रहे कि विधान परिषद का चुनाव दलगत आधार पर नहीं होता और नीतीश कुमार का इस चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।
अनंत सिंह ने दो दिन पहले यह भी दावा किया था कि नीतीश कुमार न तो उनके साथ हैं और न ही नीरज कुमार के साथ। लेकिन मतदान से ठीक पहले नीतीश कुमार का नीरज के घर पहुंचना और उन्हें जीत का आशीर्वाद देना इस दावे के विपरीत राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पटना स्नातक सीट पर मतदाताओं का फैसला किसके पक्ष में आएगा? क्या नीतीश कुमार का समर्थन नीरज कुमार की राह आसान करेगा, या अनंत सिंह की बगावत चुनावी समीकरण बदल देगी? इसका जवाब चुनाव परिणाम आने के बाद ही मिलेगा।