PM मोदी के 75वें जन्मदिन पर नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएँ, सम्राट चौधरी बोले- “आधुनिक भारत के विश्वकर्मा”
PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 75 वर्ष के हो गए। जन्मदिन के मौके पर पूरे देशभर से उन्हें शुभकामनाएँ मिल रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस अवसर पर कई कार्यक्रम शुरू किए हैं, वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा समेत कई नेताओं ने भी पीएम मोदी को बधाई दी।
नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएँ
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को ट्विटर (एक्स) के ज़रिए बधाई देते हुए लिखा- “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।”
सम्राट चौधरी का खास अंदाज़
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को आधुनिक भारत का “विश्वकर्मा” बताया। उन्होंने लिखा-“मोदी जी का बिहार के प्रति है विशेष लगाव, आज हर बिहारवासी जन्मदिन पर उन्हें दे रहा है कोटि-कोटि बधाई। अनंत शक्ति, कर्मयोगी, दृढ़निश्चय का प्रतिमान, त्याग और शौर्य से सम्मान दिलाने वाले हमारे प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ।”
उन्होंने आगे कहा- “आधुनिक भारत के विश्वकर्मा, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ और अशेष मंगलकामनाएँ।”
विजय सिन्हा ने कहा – “भारत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया”
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा- “विश्व के सबसे महान और प्रेरणादायी नेता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके 75वें जन्मदिन पर अनंत शुभकामनाएँ। आपने भारत को विश्व मंच पर गर्व से खड़ा किया है। हर भारतीय के दिल में आत्मगौरव की मशाल जलाने वाले हमारे प्रधानमंत्री का सपना ‘विकसित भारत 2047’ अब पूरे राष्ट्र का संकल्प बन चुका है।”
जीतन राम मांझी का बयान
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए कहा- “आज हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँच चुके हैं। आर्थिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक हर क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ और लंबी उम्र की मंगलकामनाएँ।”
पूरे देश में उत्सव का माहौल
पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह सेवा कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, पौधारोपण और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए हैं। बिहार सहित देशभर के कई राज्यों में “सेवा सप्ताह” की शुरुआत भी इसी मौके पर की गई।