दो दशक बाद बदली सियासत की दिशा: नीतीश कुमार ने चुनी राज्यसभा की राह, बिहार में नए दौर की आहट, जानिए पूरी खबर 

 
Bihar Political News: बिहार की राजनीति इन दिनों एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जिसने सत्ता के गलियारों से लेकर गांव-गांव की चौपाल तक नई चर्चा छेड़ दी है। करीब दो दशकों तक राज्य की सत्ता के केंद्र में रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक फैसले ने सियासी माहौल को अचानक गर्म कर दिया है। राज्यसभा जाने के उनके कदम को कई लोग बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव की शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं।

दरअसल, पिछले बीस वर्षों से बिहार की राजनीति में एक स्थिर चेहरा देखने के आदी हो चुके मतदाताओं के लिए यह फैसला किसी सियासी भूचाल से कम नहीं माना जा रहा। चुनावी मैदान में अक्सर गूंजने वाला नारा—“बिहार की बात, नीतीश के साथ”—अब नए सवालों के साथ चर्चा में है। राजनीतिक हलकों में यह सवाल बार-बार उठ रहा है कि जब कम सीटों के सहारे भी उन्होंने सत्ता की कमान नहीं छोड़ी, तो अब मजबूत समर्थन के बावजूद राज्यसभा की राह क्यों चुनी।

कुछ ही समय पहले तक राजनीतिक मंचों पर यही संदेश दिया जा रहा था कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर वही बने रहेंगे। सहयोगी दलों से लेकर पार्टी के बड़े नेताओं तक ने सार्वजनिक तौर पर उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया था। राजनीतिक विश्लेषकों को भी लगने लगा था कि उनका कार्यकाल नए रिकॉर्ड बना सकता है।

लेकिन अचानक आए इस फैसले ने पूरे समीकरण को बदल दिया। जनता दल (यूनाइटेड) के कई नेता इसे उनका व्यक्तिगत निर्णय बताते हुए सम्मान जता रहे हैं, जबकि कुछ कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष की खबरें भी सामने आई हैं। पार्टी के अंदर भी इस फैसले को लेकर चर्चा और मंथन का दौर जारी है।

सूत्रों की मानें तो उन्हें मनाने के लिए कई स्तरों पर कोशिशें हुईं। करीबी नेताओं और समर्थकों ने भी अपने-अपने तरीके से समझाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः नीतीश कुमार अपने निर्णय पर कायम रहे। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उन्होंने बताया कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही इच्छा थी कि वे विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा के बाद राज्यसभा के भी सदस्य बनें।

अब नामांकन दाखिल होने के साथ ही बिहार की सियासत में नई हलचल शुरू हो चुकी है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बन सकता है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह कदम किसी बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है या फिर लंबे समय से संजोए गए व्यक्तिगत सपने की पूर्ति।

फिलहाल इतना तय है कि पटना से दिल्ली तक सियासी शतरंज की बिसात पर नई चालें चलनी शुरू हो चुकी हैं, और बिहार की राजनीति एक नए अध्याय की ओर बढ़ती नजर आ रही है।