दिल्ली में नए सरकारी आवास में शिफ्ट होंगे नीतीश कुमार, 17 जुलाई को करेंगे गृह प्रवेश
New Delhi: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने नए सरकारी आवास में रहने जा रहे हैं। उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर-9 आवंटित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह 17 जुलाई को नए आवास में गृह प्रवेश करेंगे।
नीतीश कुमार को जो सरकारी बंगला मिला है, वह केंद्र सरकार की सबसे उच्च श्रेणी के टाइप-8 (Type-8) आवासों में शामिल है। यह बंगला राजधानी के सबसे सुरक्षित और वीवीआईपी इलाकों में स्थित है, जहां देश के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं और संवैधानिक पदाधिकारियों के सरकारी आवास मौजूद हैं।
करीब तीन एकड़ में फैले इस विशाल परिसर में आठ बेडरूम, बड़ा लिविंग एरिया, डाइनिंग हॉल, स्टडी रूम, विस्तृत लॉन, गार्डन और कर्मचारियों के लिए अलग स्टाफ क्वार्टर की सुविधा उपलब्ध है। सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को विशेष रूप से विकसित किया गया है।
सुनहरी बाग क्षेत्र दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी जोन में गिना जाता है। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं के सरकारी आवास भी स्थित हैं। जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार का नया आवास इन दोनों नेताओं के आवासों से बेहद कम दूरी पर है।
राज्यसभा सांसद होने के कारण नीतीश कुमार की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के पास रहेगी। उन्हें पहले से जेड प्लस (Z+) श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है और दिल्ली में भी उनकी सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
राजनीतिक दृष्टि से भी इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद राज्यसभा की सक्रिय राजनीति में भूमिका निभा रहे नीतीश कुमार का दिल्ली में स्थायी सरकारी आवास मिलना उनके राष्ट्रीय राजनीतिक सफर के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आगामी संसद सत्र में भाग लेने के दौरान यही आवास उनकी राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहेगा।