नीतीश कुमार का बड़ा कदम: विधान परिषद से इस्तीफा, क्या अब सीएम पद छोड़ने की भी तैयारी?

 
Bihar news: बिहार की सियासत में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनका त्यागपत्र जल्द ही सभापति को सौंपा जाएगा, जिसके बाद इसे औपचारिक रूप से स्वीकार किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय गांधी, संजय श्रॉफ और मंत्री विजय कुमार चौधरी इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए विधान परिषद पहुंचे हैं। फिलहाल सभापति के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद इस्तीफे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

दरअसल, हाल ही में नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह कदम जरूरी हो गया था। नियमों के मुताबिक, किसी भी व्यक्ति को एक साथ दो सदनों की सदस्यता रखने की अनुमति नहीं होती, इसलिए यह इस्तीफा संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।

हालांकि, इस घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या अब मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा तय है? इस पर जब मंत्री विजय चौधरी से सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ संकेत देते हुए कहा—“जो भी संवैधानिक अनिवार्यता होगी, मुख्यमंत्री हमेशा उसी के अनुसार काम करते आए हैं और आगे भी करेंगे।”

इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले घंटों में सत्ता परिवर्तन का बड़ा फैसला सामने आ सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह सिर्फ औपचारिक इस्तीफा है या फिर बिहार में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत होने वाली है।