दिल्ली में नीतीश कुमार की सक्रियता तेज, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार मुलाकात ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चाएं
Political News: बिहार की सियासत में जारी हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने स्वयं अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि संसद भवन स्थित लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय में उनकी यह सौजन्य भेंट हुई।
हालांकि इसे औपचारिक मुलाकात बताया गया है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक माहौल में इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। खासकर इसलिए क्योंकि इससे एक दिन पहले ही नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। उस बैठक में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद थे।
बांकीपुर उपचुनाव के बाद बढ़ी सियासी हलचल
नीतीश कुमार की लगातार दो दिनों में शीर्ष संवैधानिक और राजनीतिक नेताओं से मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की सीट माने जाने वाले बांकीपुर के नतीजों के बाद एनडीए के भीतर समीक्षा और मंथन का दौर जारी है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा संगठन चुनावी हार के कारणों की समीक्षा कर रहा है और भविष्य की रणनीति तैयार करने में जुटा है। ऐसे में दिल्ली में हुई ये मुलाकातें राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
एजेंडा भले सार्वजनिक नहीं, लेकिन चर्चाएं तेज
लोकसभा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकातों के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी रणनीति के मद्देनज़र इन बैठकों को अहम माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बांकीपुर उपचुनाव के परिणाम के बाद एनडीए के भीतर समन्वय और भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर लगातार विचार-विमर्श चल रहा है। ऐसे में नीतीश कुमार की दिल्ली में बढ़ी सक्रियता आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में नए संकेत दे सकती है।