'नीतीश सेतु' का उद्घाटन, PM मोदी और नीतीश कुमार की शानदार मुलाकात, नीतीश के नाम पर पुल और बिहार की जनता को बड़ा तोहफा...
पीएम मोदी ने कहा कि अब रुकना नहीं है और न ही थकना है. सभी को मिलकर एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार का निर्माण करना है. वैशाली की धरती से प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास को लेकर एनडीए सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं का संदेश दिया.
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर को बिहार के वैशाली में 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी पर बने छह लेन के केबल ब्रिज का उद्घाटन कर इसे 'नीतीश सेतु' नाम दिया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ की, दिवंगत रामविलास पासवान को याद किया और गरीबी के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने दरगाह-बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने 9.76 किलोमीटर लंबे छह लेन के केबल ब्रिज को जनता को समर्पित किया। इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह पुल बिहारवासियों की ओर से नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण का सम्मान है। इसके शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां और दूध-दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। वहीं, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को भी आने-जाने में राहत मिलेगी।
नीतीश कुमार के नेतृत्व की जमकर की तारीफ
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक सफर और बिहार के लिए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को सुशासन का नया भरोसा मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि अब नीतीश कुमार के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम बिहार की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया और कहा कि उनकी सरकार उनके सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का दावा
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन गरीबों के जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं ला सकी।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। पीएम ने मुफ्त राशन, पक्के मकान, मुफ्त इलाज, बिजली, पानी और शौचालय जैसी योजनाओं को गरीबों के जीवन में बदलाव का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है और करोड़ों परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है।
बिहार के विकास के लिए गिनाईं ये उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कई विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। गया में 6 हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू हो रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में इन उपलब्धियों का भी जिक्र किया:
-
बिहार में 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल।
-
सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय।
-
एक साल में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए।
-
बेटियों के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी।
-
बिहार के 43 लाख परिवारों को पक्के मकान मिलने का दावा।
-
अगस्त में 11 लाख अतिरिक्त घरों को मंजूरी।
-
करीब 75 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि।
-
50 लाख ग्रामीण महिलाओं के लखपति दीदी बनने का उल्लेख।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने औरंगाबाद-चोरदाहा छह लेन हाईवे के उद्घाटन और राज्य में सड़क नेटवर्क के विस्तार का भी जिक्र किया।
'समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार' बनाने का आह्वान
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए के सभी घटक दलों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता से विकास की इस यात्रा को जारी रखने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि अब रुकना नहीं है और न ही थकना है। सभी को मिलकर एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार का निर्माण करना है। वैशाली की धरती से प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास को लेकर एनडीए सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं का संदेश दिया।