JDU की बैठक में नीतीश को किया गया अधिकृत, तय करेंगे जदयू विधायक दल का चेहरा; बिहार दौरे का प्लान भी तय
बताया जाता है कि नीतीश कुमार ने बैठक में कहा कि वे बिहार का दौरा करेंगे। सब अच्छा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस चुनाव में हमलोग मजबूत हुए। अगले चुनाव में और बेहतर होगा। बैठक की बाबत मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार तय करेंगे कि बिहार विधानसभा में विधायक दल का नेता कौन होगा।
नीतीश कुमार ने विकास और सुशासन का जो मॉडल स्थापित किया उसके लिए बैठक में प्रस्ताव पारित कर उनके प्रति आभार जताया गया। नीरज कुमार ने बताया कि नीतीश जी संसदीय कार्य से दिल्ली रहेंगे, लेकिन वे पार्टी और गठबंधन के साथियों से मिलते-जुलते रहेंगे। केवल पटना नहीं, राज्य के विभिन्न इलाकों में वे जाते रहेंगे। जो विकास कार्य किए गए हैं, उसकी प्रगति कैसी है इसकी जानकारी लोगों से लेंगे।
उन्होंने कहा कि बैठक में निशांत कुमार पर कोई चर्चा नहीं हुई, लेकिन यह स्वीकार्य है कि पार्टी के सर्वमान्य नेता निशांत कुमार हैं। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री मदन सहनी, श्रवण कुमार, श्याम रजक, भगवान सिंह कुशवाहा समेत अन्य नेता मौजूद थे।