140 करोड़ देशवासियों की उम्मीदों का बजट- केंद्रीय बजट पर नित्यानंद राय की बड़ी प्रतिक्रिया

 
Bihar news: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने केंद्रीय बजट को देश की तरक्की और प्रगति को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

नित्यानंद राय ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट देश के 140 करोड़ लोगों की भावनाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास’ की भावना साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, रोजगार बढ़ाने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की नींव रखता है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने बताया कि इस बजट का फोकस डिफेंस सेक्टर, किसानों की आय बढ़ाने, क्रिटिकल मिनरल्स, डेटा सेंटर, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर है। मिडिल क्लास, उद्योग, स्टार्टअप्स और निवेशकों के लिए भी इस बजट में कई अहम प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए ₹12.2 लाख करोड़ के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया है। इससे देश में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, विकास परियोजनाओं की रफ्तार तेज होगी और समग्र इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी। मजबूत ढांचे का सीधा फायदा रोजगार, उद्योग और आम लोगों के आवागमन पर पड़ेगा।

बिहार के संदर्भ में नित्यानंद राय ने कहा कि यह बजट राज्य के लिए खास सौगात लेकर आया है। बजट में रेल नेटवर्क के विस्तार और 7 बड़े हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का प्रावधान किया गया है। वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे बिहार को पूर्वी भारत के एक बड़े ट्रांसपोर्ट और औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने बताया कि पटना में ‘शिप रिपेयर इकोसिस्टम’ विकसित करने की घोषणा भी इस बजट की बड़ी उपलब्धि है। गंगा नदी के किनारे बनने वाले इस केंद्र से अंतर्देशीय जलमार्गों को मजबूती मिलेगी, जहाजों की मरम्मत स्थानीय स्तर पर हो सकेगी और लॉजिस्टिक्स लागत में भी कमी आएगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

अंत में नित्यानंद राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार की जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं सभी वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और देश के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा।