‘सीएम की रेस में नहीं, लेकिन BJP का ही होगा अगला मुख्यमंत्री’- चिराग पासवान का बड़ा सियासी संदेश
चिराग के इस बयान को NDA के भीतर बन रहे नए समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने इशारा दिया कि गठबंधन के अंदर काफी कुछ तय हो चुका है और जल्द ही सीएम चेहरे को लेकर औपचारिक घोषणा हो सकती है।
बंगाल की राजनीति पर भी साधा निशाना
बिहार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी चिराग पासवान ने तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं और जनता अब इससे ऊब चुकी है।
तेजस्वी पर तंज, नेतृत्व पर उठाए सवाल
चिराग ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद वे जनता और पार्टी दोनों से कटते नजर आ रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि जो नेता अपने विधायकों को एकजुट नहीं रख सकता, वह राज्य का नेतृत्व कैसे करेगा।
दर्द में साथ, वैशाली पहुंचे चिराग
सियासी बयानबाज़ी के बीच चिराग पासवान ने मानवीय संवेदना भी दिखाई। वे वैशाली के अनवरपुर गांव पहुंचे, जहां हाल ही में एक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। चिराग पासवान का यह बयान बिहार की सत्ता राजनीति में नए समीकरण और संभावित बदलाव की आहट दे रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में और साफ दिख सकता है।