संविधान गौरव दिवस पर 26 नवंबर को ज्ञान भवन में होगा भव्य कार्यक्रम, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे उद्घाटन

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में जुटेंगी कई दिग्गज हस्तियां, न्यायिक, सामाजिक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि होंगे शामिल
 

पटना: भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश की ओर से 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी करेंगे। कार्यक्रम में न्यायिक, सामाजिक, शैक्षणिक और उद्योग जगत से जुड़ी कई अन्य गणमान्य हस्तियों की भी सहभागिता रहेगी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल ने बताया कि संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान की महत्ता, उसके मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान, नागरिक कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर भी चर्चा होगी। इसके माध्यम से संवैधानिक परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया जाएगा