पिता की पुण्यतिथि पर पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे नीतीश कुमार निशांत ने दी श्रद्धांजलि
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार रविवार को अपने पिता स्वतंत्रता सेनानी स्व. कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे. यहां उन्होंने स्मृति वाटिका में स्थापित पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने अपनी माता स्व. परमेश्वरी देवी और पत्नी स्व. मंजू सिन्हा की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया.
जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री रविवार सुबह करीब सवा दस बजे बख्तियारपुर नई सड़क के रास्ते कल्याण बिगहा पहुंचे थे. पुण्यतिथि समारोह को लेकर स्मृति वाटिका की विशेष साफ-सफाई की गई थी और परिसर को फूल-मालाओं से सजाया गया था. इस अवसर पर ग्रामीणों ने स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह के व्यक्तित्व और उनके सामाजिक योगदान को याद किया.
ग्रामीणों ने बताया कि कविराज रामलखन सिंह बख्तियारपुर में रहकर जीवनभर लोगों का इलाज करते रहे और समाजसेवा को अपना धर्म माना. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र एवं बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सांसद कौशलेंद्र कुमार, हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण, अस्थावां विधायक जितेंद्र कुमार, एमएलसी संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार, पूर्व विधायक चंद्रसेन कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, बराह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कमलेश कुमार उर्फ पिंटू कुमार, जदयू नेता रविशंकर, युवा नेता रोहित और पैक्स अध्यक्ष हिमांशु सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे.
स्मृति वाटिका में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नीतीश कुमार गांव स्थित भगवती मंदिर (देवी स्थान) पहुंचे. यहां पुजारी शंभू पांडे ने विधिवत पूजा-अर्चना करायी. इसके बाद वे अपने पैतृक आवास पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात की. उन्होंने ग्रामीणों का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं भी सुनीं. पूर्व मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर गांव और आसपास के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.
नीतीश कुमार के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मौके पर नालंदा के एसपी हृदय कांत, एसडीएम किसलय श्रीवास्तव, सदर एसडीपीओ-2 राकेश कुमार रंजन, डीएसपी सुरक्षा, डीएसपी यातायात, डीएसपी मुख्यालय, बीडीओ डॉ. पंकज, सीओ रीता, ईओ सौरभ सुमन और थानाध्यक्ष निशा भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.