मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा के बहाने सियासी संदेश, नितिन नवीन का दो जगह भव्य भोज आयोजन

 

Bihar news: मकर संक्रांति के मौके पर बिहार की राजनीति में आज त्योहार के साथ-साथ सियासी हलचल भी देखने को मिल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नवीन ने दही-चूड़ा भोज का भव्य आयोजन किया है। खास बात यह है कि इस बार वे एक नहीं, बल्कि दो अलग-अलग जगहों पर भोज दे रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे परंपरा से आगे बढ़कर संगठन की ताकत दिखाने और एकजुटता का संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।

पहला दही-चूड़ा भोज पटना के न्यू क्लब में आयोजित किया गया है। यहां मीडिया कर्मियों के साथ भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान अनौपचारिक बातचीत में आने वाले चुनाव, संगठन की रणनीति और गठबंधन की स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा होना तय माना जा रहा है।

वहीं दूसरा भोज नितिन नवीन अपने मंत्री आवास पर दे रहे हैं। यह भोज खासतौर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए रखा गया है। इसमें प्रदेश, विधानसभा और पटना महानगर स्तर के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस आयोजन में हजारों कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। इसे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

भोज के मेन्यू में बिहार की परंपरा साफ झलक रही है। दही-चूड़ा के साथ तिलकुट, खिचड़ी, चटनी, पापड़, रायता और मिठाई की पूरी व्यवस्था की गई है। नितिन नवीन हर साल मकर संक्रांति पर चूड़ा-दही का आयोजन करते रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला मौका है, इसलिए इस बार आयोजन को खास और भव्य रूप दिया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत सभी मंत्री और विधायक आमंत्रित हैं। साथ ही एनडीए के सहयोगी दलों जदयू, हम और रालोमो के नेताओं को भी न्योता भेजा गया है।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन लगातार संगठनात्मक जिम्मेदारियों में सक्रिय रहे हैं। दिल्ली से लेकर पटना तक उनका स्वागत भी भव्य रहा है। मकर संक्रांति पर आयोजित यह दही-चूड़ा भोज उसी राजनीतिक सक्रियता की एक कड़ी माना जा रहा है, जहां त्योहार के स्वाद के साथ सियासत के संकेत भी साफ नजर आ रहे हैं।