अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस पर डॉ. प्रेम कुमार ने गरीबी, भुखमरी और अशिक्षा दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों की अपील की

गरीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास और आत्मनिर्भरता आवश्यक : डॉ. प्रेम कुमार
 

अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रदेश एवं देशवासियों से गरीबी, भुखमरी, अशिक्षा और सामाजिक असमानता को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं पहुंचाना बेहद जरूरी है। कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गरीबी मुक्त और समतामूलक समाज का निर्माण सरकार और समाज के साझा प्रयासों से ही संभव है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर जीवन जीने के अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से जरूरतमंदों की सहायता करने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान एवं समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता के माध्यम से ही एक समावेशी, सशक्त और गरीबी मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।