विश्व रक्तदाता दिवस पर बोले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, रक्तदान है महादान; लोगों से की आगे आने की अपील

Patna: डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस 2026 की थीम "मानवता की एक बूँद. रक्तदान करें. जीवन बचाएँ" रक्तदान के छोटे से प्रयास से होने वाले बड़े सामाजिक प्रभाव और जरूरतमंदों की सहायता की भावना को दर्शाती है.
 

Patna: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जो कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों, सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और सर्जरी के दौरान मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए रक्त की आवश्यकता पड़ती है. ऐसे समय में रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है. उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है.

उन्होंने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस का उद्देश्य रक्तदान के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा रक्तदाताओं के योगदान का सम्मान करना है. यह दिवस पहली बार वर्ष 2004 में मनाया गया था.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस 2026 की थीम "मानवता की एक बूँद. रक्तदान करें. जीवन बचाएँ" रक्तदान के छोटे से प्रयास से होने वाले बड़े सामाजिक प्रभाव और जरूरतमंदों की सहायता की भावना को दर्शाती है.