विश्व मानक दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की अपील, त्योहारों में मिलावटी मिठाइयों से रहें सावधान

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विश्व मानक दिवस के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं
 

पटना: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विश्व मानक दिवस के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता, उपभोक्ताओं की सुरक्षा, पारदर्शिता और आर्थिक विकास सुनिश्चित करने में मानकों की अहम भूमिका है। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने से उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ता है और भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलती है।

त्योहारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर रखें नजर

डॉ. प्रेम कुमार ने त्योहारों के मौसम को देखते हुए लोगों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय उनकी गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।

दुकानदारों से मिलावट नहीं करने की अपील

विधानसभा अध्यक्ष ने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के लालच में घटिया या मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री न करें। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं। इसका दुष्प्रभाव न केवल उपभोक्ताओं पर पड़ता है, बल्कि ऐसी गतिविधियों में शामिल विक्रेताओं और उनके परिवारों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

गुणवत्ता और मानकों से बनेगा आत्मनिर्भर भारत

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता, निर्धारित मानकों का पालन और उपभोक्ताओं का विश्वास ही सुरक्षित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है। उन्होंने सभी से गुणवत्ता और शुद्धता को प्राथमिकता देने की अपील की।