हमारा संविधान लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का आधार : डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित 200 व्यक्तियों की क्षमता वाले सभागार में आज संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया जाना देश के लोकतांत्रिक इतिहास का एक गौरवपूर्ण अध्याय है। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ ही भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का आधार तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्श राष्ट्र निर्माण की दिशा निर्धारित करते हैं तथा सुशासन, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी व्यवस्था के मूल आधार हैं। संविधान की सर्वोच्चता, विधि का शासन, स्वतंत्र न्यायपालिका तथा विधायिका एवं कार्यपालिका के बीच संवैधानिक संतुलन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाते हैं।
अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक के लिए सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त करता है तथा जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और लिंग के भेदभाव से ऊपर उठकर समानता एवं समान अवसर के सिद्धांत को प्रतिष्ठित करता है। संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता, गहन अध्ययन और व्यापक विचार-विमर्श का उल्लेख करते हुए उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अतुलनीय योगदान का विशेष रूप से स्मरण किया तथा संविधान सभा के सभी सदस्यों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती संवैधानिक संस्थाओं के साथ-साथ नागरिकों की जागरूकता, जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। हमें अपने मौलिक अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान का सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि संसद एवं विधानमंडल लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनआकांक्षाओं की अभिव्यक्ति के महत्वपूर्ण मंच हैं। बिहार विधान सभा जनभावनाओं एवं संवैधानिक मर्यादाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहाँ जनहित के विषयों पर सार्थक चर्चा, जनसमस्याओं का समाधान, कार्यपालिका की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाया जाता है। उन्होंने सदन की गरिमा, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक संवाद की मर्यादा बनाए रखने पर बल दिया।
युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से विशेष आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि वे संविधान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि उसके आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें। अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दें।
अंत में, उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सामाजिक समरसता, सद्भाव, राष्ट्रभक्ति एवं जनसेवा की भावना को आत्मसात करें तथा विकसित, समरस, न्यायपूर्ण एवं सशक्त बिहार और भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व एवं संवैधानिक आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस आयोजन को निरंतर एवं व्यापक रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस अवसर पर विधान सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी सचिव श्री संजय कुमार सिंह ने किया। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान एवं संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ के साथ हुआ।