बेहतर कार्य करने वाले पैक्सों को मिलेगा पुरस्कार, 15 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन
पटना: बिहार में प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं दक्षता बढ़ाने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत बेहतर कार्य करने वाले पैक्सों को राज्यस्तरीय एवं जिलास्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र पैक्स 15 दिसंबर 2026 तक ई-सहकारी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
मंत्री सहकारिता विभाग राम कृपाल यादव ने कहा कि "मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य राज्य में सहकारी संस्थाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी, दक्ष एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पैक्सों को पुरस्कृत करने से न केवल उनका उत्साहवर्धन होगा, बल्कि अन्य पैक्स भी बेहतर कार्य करने, वित्तीय अनुशासन अपनाने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित होंगे। हमारा प्रयास है कि राज्य के पैक्स आत्मनिर्भर एवं आदर्श सहकारी संस्थाओं के रूप में विकसित हों।"
मंत्री ने राज्य के सभी पात्र पैक्सों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें।
राज्य एवं जिला स्तर पर मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैक्सों का चयन राज्य एवं जिला स्तर पर तीन-तीन श्रेणियों में किया जाएगा। राज्यस्तरीय पुरस्कारों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पैक्स को 15 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पैक्स को सात लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार, जिलास्तरीय पुरस्कारों के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पैक्स को पांच लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को तीन लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पैक्स को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
अंकेक्षण एवं वित्तीय प्रबंधन के आधार पर होगा चयन
योजना के तहत पैक्सों की पात्रता एवं चयन निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए वैसे पैक्स पात्र होंगे, जिनका अंकेक्षण कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूरा हो चुका हो। पैक्सों का मूल्यांकन 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के अंकेक्षण के आधार पर किया जाएगा। इसमें पैक्सों की वित्तीय एवं प्रबंधकीय स्थिति तथा विभिन्न गतिविधियों में उनके प्रदर्शन के लिए निर्धारित अंकों को आधार बनाया जाएगा।
ई-सहकारी पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र पैक्सों को ई-सहकारी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 से प्रारंभ है तथा आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी सहकारिता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (https://state.bihar.gov.in/cooperative/) पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, पैक्स अपने संबंधित प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अथवा जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।
विभाग द्वारा योजना से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर *1800 3454 110* भी जारी किया गया है।