PM मोदी पर बरसे पप्पू यादव, बोले- गमछा लहराने से बिहार की बदहाल तस्वीर नहीं बदलेगी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में आयोजित जनसभा में चिर-परिचित अंदाज में एक खुली गाड़ी में सवार होकर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों का अभिवादन ‘गमछा’ लहराकर किया. पीएम मोदी द्वारा गमक्षा लहराने पर पप्पू यादव ने निशाना साधा दिया है.
पप्पू यादव ने पीएम मोदी का वीडियो शेयर कर लिखा, "मोदी जी गमछा लहराने से बिहार की बदहाल तस्वीर नहीं बदलेगी. जमीन पर जनता की जिंदगी बदहाल, वादों और प्रचार से बेहाल. बिहार को शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और न्याय आखिर कब मिलेगा? जनता को भाषण नहीं, जवाब चाहिए. प्रचार नहीं, बदलाव चाहिए."
मोदी ने जनता की ओर देखकर और ‘गमछा’ लहराकर उनका अभिवादन किया, जिसे देखकर लोग ‘मोदी! मोदी!’ के नारे लगाने लगे. प्रधानमंत्री गत करीब दो साल से बिहार में अपनी रैलियों के स्थानों तक पहुंचने के लिए खुली गाड़ियों का इस्तेमाल करते रहे हैं, और ‘गमछा’ लहराकर अभिवादन की शैली उन्होंने पिछले साल के विधानसभा चुनाव के दौरान अपनाई थी.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में करीब 34,000 करोड़ रुपये की 227 बुनियादी ढांचा एवं विकास परियोजनाओं की शुरुआत की. इन परियोजनाओं में गंगा नदी पर बना ‘नीतीश सेतु’ भी शामिल है.
अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें छह लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 का औरंगाबाद-चरदाहा खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग-227एफ का चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 का उमगांव-सहरसा खंड शामिल है.