पीपल के पत्ते पर उकेरी PM मोदी, CM सम्राट और नीतीश की तस्वीर, 'WELCOME TO BIHAR', 'NITISH SETU' भी लिखा
अंतरराष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट और विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कला से एक बार फिर लोगों को हैरान कर दिया है। नीतीश सेतु के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने महज पांच सेंटीमीटर के हरे पीपल के पत्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बेहद सूक्ष्म तस्वीरें उकेरी हैं। इस खास कलाकृति के जरिए उन्होंने तीनों नेताओं का अनोखे अंदाज में स्वागत किया है। पत्ते पर अंग्रेजी में 'WELCOME TO BIHAR' और 'NITISH SETU' भी लिखा गया है।
मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बेहद छोटी कलाकृति को तैयार करने में उन्हें करीब पांच घंटे का समय लगा। पीपल के पत्ते पर तीनों नेताओं की तस्वीरों के साथ गंगा नदी पर बने भव्य नीतीश सेतु का चित्र भी उकेरा गया है। इतनी छोटी जगह पर बारीकी से तैयार की गई यह कलाकृति लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मधुरेंद्र ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा गया है। बिहार के विकास में उनके योगदान को देखते हुए उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए यह विशेष कलाकृति तैयार की है। उनका कहना है कि कला के माध्यम से ऐसे खास पलों और उपलब्धियों को यादगार बनाने का प्रयास करते हैं।
मधुरेंद्र कुमार की इस कलाकृति की सबसे खास बात इसका आकार है. सामान्य तौर पर कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़े कैनवास, दीवार, रेत या अन्य माध्यमों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मधुरेंद्र ने प्रकृति की एक छोटी-सी देन पीपल के पत्ते पर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया है.
हरे पत्ते की सीमित सतह पर तीनों नेताओं के चेहरे की पहचान बनाए रखना, पुल की आकृति को स्पष्ट करना और स्वागत संदेश को लिखना अपने आप में एक चुनौतीपूर्ण कार्य था. पत्ते की प्राकृतिक बनावट और आकार को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बेहद बारीक तकनीक से इस कलाकृति को तैयार किया.