PM मोदी के 25 साल पूरे! डॉ. प्रेम कुमार बोले- ‘यह सत्ता नहीं, राष्ट्र-साधना की यात्रा’
Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस यात्रा को भारतीय लोकतंत्र में सेवा, संकल्प और समर्पण की अद्वितीय गाथा बताया. डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पीएम मोदी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ को जीवन का ध्येय बनाकर कार्य किया है.
Patna News: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा सफर को भारतीय लोकतंत्र में सेवा, संकल्प और समर्पण की अद्वितीय गाथा बताया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी, जो देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि यह ढाई दशकों का कालखंड राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक नेतृत्व के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय है।
‘राष्ट्र प्रथम’ को बनाया जीवन का ध्येय
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 25 वर्षों में ‘राष्ट्र प्रथम’ के अटल मंत्र को अपने जीवन का ध्येय बनाकर कार्य किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सुशासन और विकास का मॉडल प्रस्तुत करने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने तक उनकी कार्यशैली में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विभिन्न पहलों में अंत्योदय की भावना और अंतिम व्यक्ति के उत्थान की चिंता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए काम का उल्लेख
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गरीब कल्याण, किसान सम्मान, नारी सशक्तिकरण, युवा शक्ति और राष्ट्र की सुरक्षा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए निर्णयों ने करोड़ों देशवासियों के जीवन में आशा और विश्वास का नया संचार किया है।
उन्होंने कहा कि देश के विकास को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए हैं।
‘यह यात्रा केवल सत्ता की नहीं, राष्ट्र-साधना की’
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा को केवल राजनीतिक सत्ता की यात्रा मानने से अलग इसे ‘राष्ट्र-साधना की प्रेरणादायी आधारशिला’ बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, विकास और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। देश की बढ़ती वैश्विक भूमिका और आत्मविश्वास को उन्होंने इस यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया।
PM मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना
इस ऐतिहासिक अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इसी तरह निरंतर राष्ट्रसेवा करते रहें और देश को विकास तथा प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में अपना योगदान देते रहें।