बिहार को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, 21 नवंबर को वैशाली में कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले का दौरा करेंगे. इस दौरान वह औद्योगिक गलियारे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार (5 नवंबर) को इसकी जानकारी दी. प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अगले दिन होगा.
संजय सरावगी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए नेताओं की बैठक हुई. इसमें प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई. उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को राज्य की मौजूदा एनडीए सरकार का एक साल पूरा होगा. इसके अगले दिन प्रधानमंत्री का बिहार आना इस अवसर को और खास बनाएगा
सरावगी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का कार्यक्रम वैशाली जिले के जफरपट्टी में प्रस्तावित है. यहां करीब 1650 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री इससे जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं. इसके अलावा बिहार को कई अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की भी संभावना है.
दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों ब्रजभूषण ब्रजवासी और राहुल राज ने भाजपा में शामिल होने का दावा किया है. दोनों हाल में तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से एमएलसी चुने गए हैं. इन दोनों सीटों पर जेडीयू ने भी अपने उम्मीदवार उतारे थे. इस मुद्दे पर जदयू में नाराजगी के सवाल को संजय सरावगी ने टाल दिया.
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है. मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक सिर्फ प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर थी. उन्होंने बताया कि विधान परिषद चुनाव में जेडीयू ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक सीट पर जीत मिली. पार्टी ने सभी उम्मीदवारों से प्रतिक्रिया ली है. इसी आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी