नीतीश के इस्तीफे पर सियासी संग्राम: तेजस्वी बोले– ‘दबाव में लिया गया फैसला, BJP ने दिया धोखा’
इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सिर्फ औपचारिक इस्तीफा नहीं, बल्कि दबाव में लिया गया फैसला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने न सिर्फ नीतीश कुमार, बल्कि बिहार की जनता के साथ भी विश्वासघात किया है।
“पहले ही कहा था, CM नहीं रहेंगे”
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर एनडीए की सरकार बनी तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर ज्यादा समय तक नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब वही बात सच साबित होती दिख रही है।
चुनावी वादों पर भी साधा निशाना
आरजेडी नेता ने एनडीए पर चुनावी वादों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक वह पूरा नहीं हुआ। “चुनाव में वादे किए गए, लेकिन अब जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है,” उन्होंने कहा।
‘कौन बनेगा CM’ पर किनारा
मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी अटकलों पर तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि यह उनका विषय नहीं है कि अगला सीएम कौन बनेगा। हालांकि उन्होंने दोहराया कि जो कुछ हो रहा है, वह बिहार की जनता सब देख रही है।
कानून-व्यवस्था और महंगाई पर चिंता
तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था, किसानों की हालत और बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अपराध बढ़ रहे हैं, किसानों की स्थिति खराब है और आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और बड़ा राजनीतिक रंग ले सकता है।