मकर संक्रांति पर सियासी मेल: चिराग पासवान के दही-चूड़ा भोज में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

 

Bihar news: मकर संक्रांति के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को राजधानी पटना में आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान सियासी मेल-मिलाप और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

सबसे पहले मुख्यमंत्री लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी की ओर से दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, सांसद अरुण भारती, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12/20 मंत्री एन्क्लेव, गर्दनीबाग पहुंचे, जहां जदयू विधायक चेतन आनंद के आवास पर पार्टी की ओर से दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस कार्यक्रम में भी जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद लवली आनंद, विधायक श्याम रजक, विधायक रत्नेश सादा, पूर्व सांसद आनंद मोहन समेत बड़ी संख्या में जदयू के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मकर संक्रांति के मौके पर आयोजित इन कार्यक्रमों को राजनीतिक सौहार्द और सामाजिक परंपराओं से जुड़ा अहम संदेश माना जा रहा है, जहां दही-चूड़ा भोज के बहाने विभिन्न दलों के नेता एक मंच पर नजर आए।