Political news: राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से आज बड़े फैसलों के संकेत, तेजस्वी यादव को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

 

Political news: बिहार की राजनीति में आज हलचल तेज है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक पटना के होटल मौर्य में हो रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सांसद मीसा भारती होटल मौर्य पहुंच चुके हैं। तेजस्वी यादव के साथ संजय यादव भी मौजूद हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आज की बैठक में संगठन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। चर्चा है कि तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उम्र और स्वास्थ्य कारणों से लालू प्रसाद यादव अब धीरे-धीरे सक्रिय राजनीति से पीछे हट रहे हैं। ऐसे में पार्टी की कमान अब युवा नेतृत्व को सौंपने की तैयारी मानी जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

इस बैठक में देश के 27 राज्यों से राजद के प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे हैं। साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और करीब 200 से अधिक प्रतिनिधि भी इस मंथन में शामिल हो रहे हैं। बाहर से आए नेताओं को होटल मौर्य में ठहराया गया है, जहां दिनभर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं।

बैठक में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, सांसद मनोज झा, संजय यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। भले ही पद को लेकर अभी कोई ऐलान न हुआ हो, लेकिन पार्टी के अंदर तेजस्वी यादव की भूमिका पहले से ही काफी मजबूत मानी जा रही है। संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक, अहम फैसलों में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ी है।

सूत्रों का कहना है कि बैठक में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर कार्रवाई को लेकर भी गंभीर चर्चा होगी। संगठन में बदलाव, जिम्मेदारियों का बंटवारा और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की योजना पर भी विचार किया जाएगा।

विदेश यात्रा से लौटने के बाद तेजस्वी यादव पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में उन्होंने पटना स्थित आवास पर कई बैठकें कीं, जिनमें संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि हालिया विधानसभा चुनाव में राजद को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी और पार्टी सिर्फ 25 सीटों पर सिमट गई थी। चुनाव के बाद तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर काफी राजनीति हुई, लेकिन अब उनकी वापसी के साथ ही राजद में नई हलचल और बदलाव की उम्मीद साफ दिख रही है।