Political news: विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट, हर वर्ग को सशक्त करने का रोडमैप– जीवेश कुमार
Patna Desk: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर माननीय विधायक सह पूर्व मंत्री जीवेश कुमार ने इसे विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट समावेशी, जनकल्याणकारी और दूरदर्शी है, जो देश के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच को दर्शाता है।
जीवेश कुमार ने कहा कि इस बजट में गरीब, किसान, महिला, युवा, विद्यार्थी, कारीगर और उद्यमियों—सभी के सशक्तिकरण का साफ रोडमैप नजर आता है। आयकर स्लैब में कोई बदलाव न कर सरकार ने करदाताओं को स्थिरता का संदेश दिया है। वहीं रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की तारीख 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च करना आम करदाताओं के लिए बड़ी राहत है। 1 अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम लागू होने और सरल फॉर्म व्यवस्था से टैक्स प्रक्रिया और आसान होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कैंसर की 17 जरूरी दवाओं पर कस्टम ड्यूटी खत्म करने से इलाज सस्ता होगा। हीमोफिलिया, सिकल सेल और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जैसी 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाओं को ड्यूटी फ्री करना एक संवेदनशील और सराहनीय फैसला है। साथ ही 3 आयुर्वेदिक AIIMS और 5 मेडिकल हब की घोषणा से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बजट को अहम बताते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली–वाराणसी–सिलीगुड़ी सहित 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और अगले पांच साल में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग देश की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देंगे। वाराणसी और पटना में जहाज मरम्मत सुविधाओं का विकास पूर्वी भारत के लिए ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिए ₹12.2 लाख करोड़ के निवेश से शहरी बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। शिक्षा के क्षेत्र में 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में क्रिएटर लैब शुरू करने से युवाओं में नवाचार और कौशल को बढ़ावा मिलेगा।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए जीवेश कुमार ने कहा कि हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, STEM शिक्षा में लड़कियों को प्राथमिकता और ‘लखपति दीदी’ मॉडल के तहत SHE-Mart की स्थापना से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।
उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को आय और रोजगार का मजबूत जरिया बनाने पर खास ध्यान दिया गया है। नारियल प्रोत्साहन योजना, 500 तालाबों और अमृत सरोवरों के विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। हैंडलूम और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए नेशनल हैंडलूम पॉलिसी और नेशनल फाइबर स्कीम से कारीगरों को नई पहचान मिलेगी।
पर्यटन क्षेत्र में 10,000 गाइड्स के प्रशिक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। आयुर्वेद और बायोफार्मा सेक्टर में ₹10,000 करोड़ के निवेश से भारत को वैश्विक हब बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
रक्षा बजट में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर ₹7,84,678 करोड़ का प्रावधान आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करेगा।
अंत में जीवेश कुमार ने कहा कि यह बजट गरीब कल्याण से लेकर वैश्विक नेतृत्व तक भारत को हर मोर्चे पर सशक्त बनाने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस दूरगामी और जनहितैषी बजट के लिए बधाई दी।