बिहार चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ा, तेजस्वी यादव का सीएम नीतीश पर सीधा वार – कहा, “अब बिहार चलाने की हालत में नहीं हैं मुख्यमंत्री”
Bihar chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, राज्य का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर एनडीए और महागठबंधन में सीट बंटवारे पर माथापच्ची जारी है, वहीं दूसरी ओर नेताओं के बीच बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि, “नीतीश कुमार अब बिहार चलाने की स्थिति में नहीं हैं। कुछ रिटायर्ड अधिकारी अपने निजी फायदे के लिए उनके चेहरे का इस्तेमाल कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, महिलाओं को लेकर जो शब्द कहते हैं या राष्ट्रगान के प्रति जो रवैया दिखाते हैं—यह सब इस बात का सबूत है कि वो अब मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं। एक दिन इन सबका पर्दाफाश होगा।”
तेजस्वी का वीडियो वार
तेजस्वी यादव ने रविवार सुबह एक वीडियो शेयर किया, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक वर्चुअल कार्यक्रम में हाथ जोड़ते नज़र आए, जबकि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी योजनाओं की जानकारी दे रहे थे। इस वीडियो पर तेजस्वी ने लिखा, “क्या एक प्रदेश के मुख्यमंत्री को इस हाल में देखना दुखद नहीं? क्या ये मानसिक रूप से स्वस्थ लगते हैं? क्या बीजेपी के इशारे पर जानबूझकर इन्हें ऐसी स्थिति में पहुंचाया गया है?”
तेजस्वी ने दावा किया कि “बिहार की जनता अब सब कुछ समझ रही है और इस बार जवाब ज़रूर देगी।”
बीस साल की सरकार की कोई उपलब्धि नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राबड़ी-लालू शासनकाल पर किए गए हमलों का जवाब देते हुए तेजस्वी ने कहा, “इनके पास अपने बीस वर्षों की सरकार में बताने लायक कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए आज भी लालू यादव और राबड़ी देवी पर निशाना साधते हैं। जनता सब देख रही है और इस बार इन्हें सबक सिखाएगी।”
महागठबंधन में सीट बंटवारे पर बैठक
तेजस्वी यादव ने बताया कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है, और जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, “आज फिर हमारी बैठक होनी है, सब कुछ समय पर स्पष्ट कर दिया जाएगा।”
एनडीए और महागठबंधन दोनों ही शिविरों में टिकट वितरण को लेकर मंथन जारी है। ऐसे में तेजस्वी यादव का यह बयान आगामी चुनावी जंग को और भी दिलचस्प बना रहा है।