‘दिल्ली कूच’ के साथ बढ़ी सियासी हलचल: नीतीश के राज्यसभा शपथ से पहले रोहिणी का तंज, बिहार में सत्ता बदलने के संकेत तेज

 
Newshaat Desk: बिहार की राजनीति एक बड़े मोड़ की ओर बढ़ती दिख रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके इस कदम के साथ ही राज्य की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।

इस बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा- “बनकर भीगी बिल्ली चाचा चले गए दिल्ली…” और आगे कहा कि “मौकापरस्ती और धोखा बिना कीमत चुकाए नहीं जाते”, इशारों-इशारों में उन्होंने नीतीश कुमार के राजनीतिक फैसलों पर निशाना साधा।

14-15 अप्रैल को नई सरकार के संकेत

नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे के साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन की अटकलें तेज हो गई हैं। जदयू नेताओं के संकेतों के मुताबिक 13 अप्रैल के बाद कभी भी नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है। सूत्रों की मानें तो 14 या 15 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में बड़ा राजनीतिक आयोजन संभव है।

सीएम फेस पर सस्पेंस, सम्राट चौधरी आगे

एनडीए के भीतर इस बार मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। चर्चाओं में Samrat Choudhary का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

‘नीतीश युग’ के अंत की चर्चा तेज

अगर सत्ता में बदलाव होता है, तो 2005 से बिहार की राजनीति पर छाए रहे नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल का अंत माना जाएगा। इसे राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव और नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

फिलहाल, दिल्ली से लेकर पटना तक सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है, अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि आखिर बिहार की सत्ता की कमान किसके हाथ में जाती है।