खड़गे के बयान पर सियासी घमासान, अब कांग्रेस करेगी PM मोदी का पुतला दहन
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा के विरोध-प्रदर्शन के जवाब में अब कांग्रेस भी मैदान में उतरने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार को पूरे बिहार में विरोध-प्रदर्शन करेगी। इस दौरान सभी जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पार्टी ने जिला स्तर पर एकजुटता और अनुशासन के साथ प्रदर्शन करने को कहा है।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर नकारात्मक राजनीति कर रही है और राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है। पार्टी का कहना है कि किसी बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करना और उसके आधार पर अमर्यादित विरोध-प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन के साथ आम लोगों के बीच जाकर भाजपा की नीतियों और राजनीतिक आचरण को लेकर अपना पक्ष भी रखेंगे। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला अध्यक्षों से प्रदर्शन की रिपोर्ट मांगी है। इन रिपोर्टों के आधार पर आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रविवार को पटना में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में एक कार्यकर्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं जाने वाले हैं और जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खड़गे ने कहा, 'मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।' उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने को लेकर वहां मौजूद लोगों ने संबंधित व्यक्ति की पिटाई भी कर दी।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
अब भाजपा के विरोध के बाद कांग्रेस ने भी प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। ऐसे में खड़गे के बयान को लेकर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।