अपराध पर सियासी जंग तेज: तेजस्वी के ‘अपराधी सम्राट’ बयान पर डिप्टी सीएम का पलटवार- ‘पहले खुद को देखें’
डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव पहले खुद बताएं कि वे क्या हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास को देखना चाहिए।
वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी को बिहार का लॉ एंड ऑर्डर कभी अच्छा नहीं लगा, लेकिन क्या उन्हें अपना शासनकाल सही लगता था? उन्होंने इशारों-इशारों में पूर्व सरकार पर सवाल खड़े किए।
दरअसल, हाल ही में तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा था-“जब सिर पर ताज हो गया, अपराधी सब सम्राट हो गया”, जिसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तंज के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने समस्तीपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए एनडीए सरकार पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया था।
तेजस्वी ने दावा किया कि राज्य में दिनदहाड़े हत्याएं, लूट और फायरिंग की घटनाएं बढ़ गई हैं और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में सैकड़ों लोगों की हत्या और व्यापारियों के साथ लूट की घटनाएं हुई हैं।
अब इस बयान के बाद सत्ता और विपक्ष आमने-सामने हैं। जहां एक तरफ विपक्ष कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष पुराने शासन की याद दिलाकर पलटवार कर रहा है। साफ है कि अपराध के मुद्दे पर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने वाला है।