निशांत की एंट्री से तेज हुई सियासत: चंपारण से जनसंपर्क यात्रा शुरू, बंगाल चुनाव पर भी बड़ा दावा
निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मनन मिश्रा ने कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के पदचिन्हों पर चलकर जनता से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि राजनीतिक विरासत को संभालना अच्छी बात है।
वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर मनन मिश्रा ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि BJP इस बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उनके अनुसार, पहले चरण में हुए भारी मतदान ने बदलाव के संकेत दे दिए हैं और आने वाले चरणों में यह रुझान और मजबूत होगा।
इधर, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बंगाल में चुनाव प्रचार को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। मिश्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं का बंगाल की राजनीति पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि राज्य की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। निशांत कुमार की सक्रियता और बंगाल चुनाव को लेकर दिए गए इन बयानों ने बिहार से लेकर बंगाल तक सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।