प्रशांत किशोर का दावा- NDA 8 सीटों पर लड़ रहा खाता खोलने की लड़ाई, सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर उठाए सवाल

बिहार की राजनीति में MLC चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने किशनगंज में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद के दौरान NDA और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर निशाना साधा। 
 

बिहार की राजनीति में MLC चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने किशनगंज में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद के दौरान NDA और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने NDA के सभी सीटों पर जीत के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि उनका आकलन है कि NDA 8 सीटों पर खाता खोलने की लड़ाई लड़ रहा है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता के हाथ में होती है। यह ताकत किसी एक चुनाव से बनती या बिगड़ती नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में NDA की सरकार अगले चार साल तक रहेगी और तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता बने रहेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर जनता ने सही तरीके से वोट दिया और BJP को हराने के लिए जन सुराज का साथ दिया, तो मौजूदा व्यवस्था पर लगाम लगाई जा सकती है। इससे जनता को एक नया विकल्प मिलेगा और नेताओं के मन में भी डर पैदा होगा।

वहीं, प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद चुनावी समीकरणों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के हटने से कोई चुनाव नहीं जीता है। उन्होंने भोजपुर में MLC चुनाव हारने और बांकीपुर का किला नहीं बचा पाने का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार पूरे चुनाव में कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।

PK ने JDU और BJP के बीच भी सबकुछ ठीक नहीं होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से एक बार फिर साबित होगा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में BJP के लिए चुनाव जीतना असंभव है।

अब देखना होगा कि प्रशांत किशोर के इन दावों का MLC चुनाव के नतीजों पर क्या असर पड़ता है और NDA इन सीटों पर कैसा प्रदर्शन करता है।