बांकीपुर में जीत के बाद आज विधायक बनेंगे प्रशांत किशोर, विधानसभा में पहली बार लेंगे शपथ
Bihar political news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद जन सुराज के सूत्रधार और नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर आज विधानसभा की सदस्यता की शपथ लेंगे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार अपने चैंबर में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शपथ ग्रहण सुबह 10:30 बजे होगा।
शपथ के साथ ही प्रशांत किशोर की सक्रिय राजनीतिक पारी विधानसभा के भीतर औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। बांकीपुर उपचुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 19,246 वोटों के अंतर से हराकर बड़ा सियासी उलटफेर किया था। 32 राउंड की मतगणना के बाद प्रशांत किशोर को 64,117 वोट मिले, जबकि भाजपा के नीरज कुमार 44,794 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। राजद की रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।
भाजपा के गढ़ में सेंध से बढ़ी राजनीतिक चर्चा
बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा के मजबूत गढ़ के तौर पर जानी जाती रही है। करीब तीन दशक बाद इस सीट पर भाजपा की हार के बाद प्रशांत किशोर की जीत ने बिहार की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब विधायक के तौर पर उनके सामने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की चुनौती होगी।
10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य
विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के युवाओं को लेकर अपनी प्राथमिकता भी स्पष्ट की है। उन्होंने अगले एक-दो वर्षों में क्षेत्र के कम से कम 10 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए उन्होंने नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से अपना सीवी और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने की अपील की है।
अब शपथ ग्रहण के बाद प्रशांत किशोर के सामने बांकीपुर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और चुनावी घोषणाओं को धरातल पर उतारने की अगली बड़ी परीक्षा होगी।