राहुल गांधी दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे, आंबेडकर छात्रावास जाने पर अड़े

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार दौरे के तहत दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। कांग्रेस सांसद के दौरे में उनके कार्यक्रम स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिला प्रशासन ने आंबेडकर छात्रावास में राहुल गांधी को कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी है। लेकिन कई छात्र अभी भी आंबेडकर छात्रावास के पास डटे हुए हैं। कई कांग्रेसी कार्यकर्ता भी वहां मौजूद हैं। इन सब का कहना है कि प्रशासन राहुल गांधी को नहीं रोक सकती है और शिक्षा न्याय संवाद यहीं पर होगा। 

दरभंगा एयरपोर्ट पर राहुल गांधी को प्रशासन ने धारा 163 की जानकारी दी है। राहुल गांधी को प्रशासन ने बताया है कि आंबेडकर छात्रावास के आसपास धारा 163 लगा दी गई और वहां कोई कार्यक्रम नहीं हो सकता है। हालांकि, कई कांग्रेसी कार्यकर्ता अभी भी आंबेडकर छात्रावास में कार्यक्रम करने पर अड़े हुए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि राहुल गांधी भी आंबेडकर छात्रावास पर जाने पर अड़ गए हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कार्यक्रम नगर परिषद के पास स्थित नगर भवन में होगा। इसके लिए विधान परिषद सदस्य सह पूर्व मंत्री डॉ. मदन मोहन झा ने जिला प्रशासन को आवेदन दिया था। उधर, कांग्रेस के कुछ नेता पूर्व निर्धारित स्थल आंबेडकर छात्रावास में भी राहुल गांधी के जाने की बात कह रहे हैं। इस संबंध में डीएम राजीव रौशन ने गुरुवार की सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कहा कि आंबेडकर छात्रावास शैक्षणिक स्थल है, इसलिए वहां कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं हो सकता। राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नगर भवन आवंटित किया गया है। इसके अलावा अन्य किसी जगह पर कार्यक्रम करना वीआईपी की सुरक्षा की दृष्टि से सही नहीं होगा। जिला प्रशासन के लिए विधि व्यवस्था को बनाये रखना प्राथमिकता है।