दिल्ली में आज झारखंड कांग्रेस की समीक्षा बैठक, राहुल गांधी करेंगे अध्यक्षता, भाजपा ने कसा तंज

 

दिल्ली में आज झारखंड कांग्रेस के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस नेता राहुल गांधी करेंगे। इस बैठक में झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से शामिल सभी मंत्री और विधायक विशेष रूप से भाग लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करना, गठबंधन सरकार के कामकाज का आकलन करना और राज्य सरकार की जन छवि पर चर्चा करना है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि यह पार्टी नेताओं के बीच नियमित संवाद प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हर कुछ महीनों में इस प्रकार की बैठकें आयोजित होती रहती हैं और इस बार भी केंद्रीय नेतृत्व से समय मांगा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की उपस्थिति रहेगी। इसमें संगठनात्मक विस्तार से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और साथ ही महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपी जाएगी।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने इस बैठक पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। झारखंड भाजपा के प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि "राहुल गांधी चाहे जितनी भी बैठकें कर लें या पाठशालाएं चलाएं, झारखंड कांग्रेस पर उसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ने वाला।" उन्होंने कांग्रेस को झामुमो की "पिछलग्गू पार्टी" बताते हुए कहा कि राज्य में उसकी स्थिति कभी स्वतंत्र नहीं रही।