राहुल गांधी का पटना दौरा टला, छात्र सम्मेलन रद्द; कांग्रेस ने बताई आचार संहिता वजह, BJP ने साधा निशाना
Bihar Political Update: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का प्रस्तावित पटना दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। 15 जुलाई को आयोजित होने वाला छात्र सम्मेलन अब नहीं होगा। कांग्रेस ने इसकी आधिकारिक वजह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता को बताया है। हालांकि, कार्यक्रम रद्द होने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्र सम्मेलन पहले 11 जुलाई को आयोजित होना था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 15 जुलाई कर दी गई थी। अब कांग्रेस ने इसे फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। पार्टी का कहना है कि उपचुनाव के दौरान बड़े राजनीतिक कार्यक्रम से चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की आशंका थी, इसलिए यह निर्णय लिया गया।
हालांकि, पार्टी के भीतर से यह चर्चा भी सामने आ रही है कि कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी नहीं हो सकीं। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस को करीब 10 हजार छात्रों का डेटा तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इनमें विशेष रूप से ऐसे छात्र शामिल किए जाने थे, जो नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों या समस्याओं से प्रभावित रहे हों, ताकि सम्मेलन में उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा सके। बताया जा रहा है कि तय समय तक आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं हो पाने से कार्यक्रम प्रभावित हुआ। हालांकि, कांग्रेस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
उधर, भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र नहीं, बल्कि “टूरिज्म की राजनीति” करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी 10 हजार छात्रों का डाटाबेस तक तैयार नहीं कर सकी और कार्यक्रम के असफल होने की आशंका के चलते राहुल गांधी का दौरा रद्द कर दिया गया।
फिलहाल कांग्रेस ने छात्र सम्मेलन की नई तारीख की घोषणा नहीं की है। अब राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर है कि बांकीपुर उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल गांधी का यह कार्यक्रम कब आयोजित किया जाएगा। वहीं, दौरा रद्द होने की वास्तविक वजह को लेकर सियासी बहस लगातार तेज होती जा रही है।