बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आए राम कृपाल यादव, एक महीने की पूरी सैलरी राहत कोष में दी

 

Bihar news: बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने अपने एक महीने का पूरा वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया है। सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ में उन्होंने अपने एक माह के वेतन की राशि का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपा।

सहकारिता क्षेत्र की संस्थाओं ने भी दिए 3 करोड़ रुपये

बाढ़ राहत के लिए सहकारिता विभाग से जुड़ी संस्थाओं ने भी आर्थिक सहयोग दिया। बिहार राज्य भंडार निगम की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक दिया गया। वहीं बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, पटना ने 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

मंत्री के एक महीने के वेतन को मिलाकर सहकारिता क्षेत्र की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है।

राम कृपाल यादव बोले- संकट में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना जिम्मेदारी

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार के कई जिलों में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आना सामाजिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी गई राशि का इस्तेमाल बाढ़ और आपदा से प्रभावित जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने में किया जाएगा।

‘सहकारिता क्षेत्र हमेशा सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील’

मंत्री ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र का सामाजिक सरोकारों से हमेशा जुड़ाव रहा है। आपदा की इस घड़ी में विभाग और उससे जुड़ी संस्थाओं की ओर से किया गया सहयोग सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा राशि का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद लोगों के राहत एवं सहायता कार्यों में किया जाएगा।

ये अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष रमेश चन्द्र चौबे, निदेशक विनय कुमार और जितेन्द्र कुमार, प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार पासवान, बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह समेत विभाग और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।