गांधी मैदान में अब नहीं जलेगा रावण! CM सम्राट का बड़ा ऐलान, पटना में बनेगा रामलीला मैदान
Patna: बिहार की राजधानी पटना में रामलीला और रावण वध के आयोजन को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को गांधी मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण महोत्सव 4.0-2026 ‘कान्हा के रंग, उत्सव के संग’ कार्यक्रम के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष मार्च तक मरीन ड्राइव के समीप तीन बड़े मैदान तैयार किए जाएंगे। इनमें से एक मैदान को रामलीला मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला और रावण वध का आयोजन गांधी मैदान से नए रामलीला मैदान में स्थानांतरित किया जाएगा। वहां इन कार्यक्रमों के लिए बेहतर और पूरी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
मार्च तक तैयार होंगे तीन बड़े मैदान
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मरीन ड्राइव के समीप तीन बड़े मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिन्हें अगले वर्ष मार्च तक तैयार करने का लक्ष्य है। इनमें से एक मैदान रामलीला आयोजन के लिए निर्धारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पटना के जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मार्च के बाद जैसे ही नए मैदान का हैंडओवर होगा, उसे दशहरा कमेटी ट्रस्ट को रामलीला और रावण वध के आयोजन के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा कमेटी ट्रस्ट वर्ष 1955 से गांधी मैदान में रामलीला महोत्सव और रावण वध का आयोजन करता आ रहा है। समिति की ओर से लंबे समय से इन आयोजनों के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी।
गांधी मैदान से नए स्थान पर जाएगा रावण वध
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद आने वाले वर्षों में पटना के दशहरा आयोजन का स्वरूप बदल सकता है। गांधी मैदान में होने वाला रामलीला महोत्सव और रावण वध अब नए मैदान में आयोजित किए जाने की तैयारी है।
सरकार का उद्देश्य रामलीला और रावण वध जैसे बड़े आयोजनों के लिए एक स्थायी और व्यवस्थित स्थल उपलब्ध कराना है, जहां दर्शकों के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें।
श्रीकृष्ण महोत्सव में बोले CM- अन्याय का विनाश निश्चित
श्रीकृष्ण महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अन्याय के खिलाफ खड़े होने और सत्य की विजय का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत के दौरान भगवान श्रीकृष्ण ने शांति के लिए हर संभव प्रयास किया था और कौरवों से केवल पांच गांव देने की मांग की थी। लेकिन अन्याय के कारण युद्ध टल नहीं सका।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश स्पष्ट था कि जो अन्याय करेगा, उसका विनाश निश्चित है। गीता के माध्यम से श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्तव्य और धर्म का बोध कराया। आज भी उनका संदेश समाज को सत्य और न्याय के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
बिहार की बाढ़ पर भी बोले मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार में जारी बाढ़ की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों की तुलना में इस समय गंगा का जलस्तर काफी अधिक है। गंगा बेसिन से जुड़े जिलों में अधिकारियों और मंत्रियों को तैनात किया गया है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि सोन और गंडक नदियों से भी बड़ी मात्रा में पानी बिहार में आ रहा है। वहीं नेपाल की तराई से आने वाले पानी के कारण हर साल बिहार के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने कोसी, गंडक और गंगा बेसिन को व्यवस्थित करने के लिए व्यापक योजना तैयार करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
सड़क और वाटर ट्रांसपोर्टेशन पर भी काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय जल आयोग के साथ मिलकर नदी बेसिन के किनारे सड़क निर्माण और वाटर ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था विकसित करने पर भी काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य बारिश और बाढ़ के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप बिहार को भी समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परिकल्पना के अनुरूप बिहार को समृद्ध बनाने की पूरी रूपरेखा तैयार की जा रही है।
दही-हांडी प्रतियोगिता में CM ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
श्रीकृष्ण महोत्सव के दौरान दही-हांडी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने श्रीकृष्ण महोत्सव और दही-हांडी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए दशहरा कमेटी ट्रस्ट को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बिहार की सनातन संस्कृति और भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान दशहरा कमेटी ट्रस्ट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर अभिनंदन किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।