केरल में राजद की दस्तक: कूथुपरम्बा से पी.के. प्रवीण की जीत, दो सीटों पर मजबूत प्रदर्शन ने बढ़ाया कद

 

Political news: केरल की सियासत में इस बार एक दिलचस्प तस्वीर उभरकर सामने आई है, जहां बिहार की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी मौजूदगी का असर दिखाया है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी ने पहली बार केरल विधानसभा चुनाव में न सिर्फ दमदार एंट्री की, बल्कि एक सीट जीतकर अपनी राजनीतिक जमीन भी तैयार कर ली।

कन्नूर जिले की कूथुपरम्बा सीट से राजद उम्मीदवार पी.के. प्रवीण ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के जयंती राजन को 1286 वोटों के अंतर से हराया। प्रवीण को कुल 70,448 वोट मिले, जबकि जयंती राजन को 69,162 वोट हासिल हुए। यह जीत राजद के लिए प्रतीकात्मक ही नहीं, बल्कि रणनीतिक तौर पर भी बेहद अहम मानी जा रही है।

वहीं, अन्य दो सीटों पर भी राजद ने कड़ी टक्कर दी। कलपेट्टा सीट पर कांग्रेस के टी. सिद्दीकी ने राजद के पी.के. अनिल कुमार को हराया, जबकि वाडकारा सीट पर आरएमपीआई की के.के. रेम ने राजद उम्मीदवार एम.के. भास्करन को मात दी। हालांकि इन सीटों पर हार के बावजूद राजद उम्मीदवारों का दूसरे स्थान पर रहना पार्टी के बढ़ते प्रभाव का संकेत देता है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केरल जैसे राज्य में राजद का यह प्रदर्शन भविष्य की संभावनाओं का संकेत है। एक सीट की जीत और दो सीटों पर मजबूत उपस्थिति ने यह साफ कर दिया है कि पार्टी अब अपने पारंपरिक क्षेत्र से बाहर भी विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।