अंत्योदय से अभ्युदय तक का रोडमैप: डॉ. संतोष सुमन ने केंद्रीय बजट 2026–27 को बताया दूरदर्शी और विकासोन्मुखी
डॉ. सुमन ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देता है। इसमें समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की स्पष्ट नीति दिखाई देती है। युवाओं के लिए शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए अवसर, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश, एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसे फैसले भविष्य निर्माण की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने बताया कि बजट में कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रावधानों का सीधा लाभ बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्यों को मिलेगा। इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और आत्मनिर्भर गांव व सशक्त किसान का लक्ष्य साकार होगा।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, युवा और महिलाओं की जरूरतों और उम्मीदों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने इस जनहितैषी और विकासोन्मुखी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।