रोहिणी आचार्य का मोदी पर हमला, बोलीं- बिहार आ रहे 'जुमलों के सरदार'

 

रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि 'ठगों के सरदार' एक बार फिर जुमलों की बौछार करने बिहार आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने और सवा लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज का जो सपना दिखाया था, वह आज तक पूरा नहीं हुआ।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि बिहार के हिस्से आज भी बंद चीनी मिलों के खुलने का इंतजार और बेरोजगारी का संकट ही आया है। 'डबल इंजन' सरकार विकास का दावा करती है, लेकिन प्रधानमंत्री के पास अपने पुराने अधूरे वादों का हिसाब देने का वक्त नहीं है। जब भी वे बिहार आते हैं, जनता के सामने नए जुमलों का पिटारा खोल देते हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जुमलेबाजी को समझ चुकी है। लोगों को पता है कि मोदी जी की बातों की कोई गारंटी नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री के वादों की तुलना 'मुंगेरी लाल के हसीन सपनों' से करते हुए कहा कि बिहार की जनता अब खोखले वादों के बजाय ठोस काम और जवाबदेही चाहती है।